कोरबा। बाल्को वेदांता के द्वारा लगातार कोयला एवं राखड़ परिवहन किया जा रहा है, जिससे दर्री डेम से बाल्को परसाभाटा चौक तक जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत एवं नवीन सड़क निर्माण कराने ज्ञापन दिया गया था। जिस पर अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसे लेकर बॉल्को रुमग़डा बॉल्को रोड के समीप चक्काजाम किया गया। जिससे आवागमन बाधित रहा। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि बाल्को वेदांता के द्वारा लगातार इस रोड पर कोयला व राखड़ परिवहन किया जा रहा है। जिसकी वजह से दर्री डेम से परसभाठा चौक तक की सड़क अत्यंत जर्जर एवं दुर्घटनाजनक स्थिति में है। प्रतिदिन हजारों नागरिक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। किंतु सड़क पर बड़े बड़े गड्ढों तथा भारी राखड़ परिवहन करने वाले ट्रकों के कारण आमजन का चलना भी मुश्किल हो गया है। कुछ समय पूर्व इसी मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में छात्राओं की मृत्यु जैसी दुखद घटना के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वर्तमान में यह मार्ग भारी वाहनों की पार्किंग का केंद्र बन चुका है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा वर्षा समाप्त होते ही नवीन सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया जाए।